स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले 13वें विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के पोस्टर का सांसद व विधायक ने किया विमोचन
खेरागढ़। अपना घर सेवा समिति, खेरागढ़ द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले 13वें विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के पोस्टर का रविवार को फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर एवं खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाह द्वारा विमोचन किया गया।
इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान से अनेक जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है और समाज में सेवा एवं संवेदना की भावना मजबूत होती है।

समिति पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन 15 अगस्त 2026 (शनिवार) को राधा पैलेस, खेरागढ़ में प्रातः 9:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक किया जाएगा।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में समिति के संस्थापक रम्मो लाल गोयल, अध्यक्ष गिर्राज किशोर सिंघल, ब्लड प्रबंधक प्रमोद कुमार मित्तल, शिविर संयोजक विजय गर्ग, मंत्री उमाशंकर गोयल, मीडिया प्रभारी सचिन गोयल, सांसद प्रतिनिधि सतेंद्र यादव,विधायक प्रतिनिधि सोवरन सिंह कुशवाहा सहित समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।