किसानों की समस्याओं के समाधान को धिमिश्री में लगा राजस्व शिविर, कई समस्याओं का मौके पर निस्तारण
फतेहाबाद। तहसील फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम धिमिश्री में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की पहल पर राजस्व विभाग द्वारा एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपजिलाधिकारी और राजस्व विभाग की टीम ने किसानों की जमीनी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष दीपक तोमर के प्रयासों से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

किसानों ने मुख्य रूप से भूमि की पैमाइश, नामांतरण और खतौनी में नाम दुरुस्ती जैसी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने मौके पर ही राजस्व अभिलेखों की जांच कर कई वर्षों से लंबित पड़े प्रकरणों को हल कराया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। तहसील अध्यक्ष अवधेश ठाकुर ने बताया कि किसानों को छोटे-छोटे राजस्व संबंधी कार्यों के लिए तहसील के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए गांव-गांव शिविर आयोजित कराने की योजना बनाई गई है। किसान हित में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जानकारी देते हुए बताया कि अगला राजस्व शिविर 18 अगस्त को ग्राम ऊंचा में और 25 अगस्त को ग्राम जारोली में आयोजित किया जाएगा। संगठन ने क्षेत्र के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का निस्तारण कराएं। इस दौरान जिला प्रवक्ता रामनिवास रघुवंशी,अवधेश ठाकुर, गोविंद सैंथिया,लोकेश जादौन सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।