आगरा: लेडी लॉयल अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के निर्माण में देरी पर भड़के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार

127 readers

उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री और आगरा जिले के प्रभारी मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने आज जनपद में चल रही विभिन्न बड़ी विकास परियोजनाओं का तूफानी दौरा किया। एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन लेडी लॉयल अस्पताल के विस्तारीकरण (फेज-1), मेडिकल कॉलेज ब्लॉक और यूजी/पीजी हॉस्टल के कार्यों का भौतिक निरीक्षण करते हुए मंत्री जी ने काम की कछुआ चाल पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

लक्ष्य से पीछे चल रहा निर्माण कार्य, श्रमिकों की कमी पर सवाल

जनपदवासियों को उच्च गुणवत्ता युक्त स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से एसएन मेडिकल कॉलेज में करोड़ों की लागत से निर्माण कार्य चल रहे हैं।

लेडी लॉयल व मेडिकल ब्लॉक: प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले निर्माणाधीन लेडी लॉयल अस्पताल विस्तारीकरण फेज-1 और मेडिकल ब्लॉक का ले-आउट व साइट प्लान देखा। कार्यदायी संस्था और कॉन्ट्रैक्टर ने बताया कि मई 2025 में शुरू हुआ यह कार्य मई 2027 तक पूर्ण होना है। समीक्षा में पाया गया कि अब तक लक्ष्य के सापेक्ष केवल 41 प्रतिशत कार्य ही पूरा हुआ है।

मंत्री की नाराजगी: अपेक्षित प्रगति न होने पर मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने संबंधित अधिकारियों और कॉन्ट्रैक्टर को मौके पर ही तलब किया। उन्होंने निर्माण में हो रहे विलंब का कारण पूछा और कड़ी नाराजगी व्यक्त की। अधिकारियों ने बरसात, पेड़ों को हटाने में एनजीटी (NGT) के अवरोध और श्रमिकों की कमी का हवाला दिया।

सख्त निर्देश: प्रभारी मंत्री ने मौके पर श्रमिकों की संख्या तत्काल बढ़ाने और युद्ध स्तर पर कार्य कर समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हॉस्टल और सुविधाओं की समीक्षा

इसके बाद मंत्री जी ने एसएन मेडिकल कॉलेज परिसर में ही निर्माणाधीन यूजी/पीजी हॉस्टल की समीक्षा की। बताया गया कि 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण है। यहां भी उन्होंने गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए तत्काल मैनपावर बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने मंत्री महोदय को कॉलेज में रेडियोलॉजी, डायलिसिस, न्यूरोलॉजी, कैंसर विभाग, हेपेटाइटिस, ओटी सहित विभिन्न चिकित्सीय अनुभागों में दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से ब्रीफिंग दी। मंत्री जी ने मरीजों और उनके तीमारदारों से भी बात कर सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।

यूनिटी मॉल का निरीक्षण और वृक्षारोपण

दौरे के अंतिम चरण में प्रभारी मंत्री शिल्पग्राम स्थित निर्माणाधीन यूनिटी मॉल पहुंचे। मौके पर बताया गया कि यूनिटी मॉल का निर्माण कार्य पूर्ण होने की निर्धारित तिथि नवंबर 2026 है और अब तक 42 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है।

मंत्री जी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्माण कार्य की सतत मॉनिटरिंग करें और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि एक समुचित कार्ययोजना के साथ कार्य की गति बढ़ाई जाए ताकि प्रोजेक्ट का आमजन को शीघ्र लाभ दिलाया जा सके। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन स्थल पर वृक्षारोपण भी किया।

निरीक्षण में जिलाधिकारी मनीष बंसल, सीएमओ डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव, एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत गुप्ता, पीडी डीआरडीए श्रीमती रेणु कुमारी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आरके वर्मा और निर्माणदाई संस्थाओं के अभियंता आदि मौजूद रहे।

Related News

Share: