आगरा: अरतौनी अंडरपास को नितिन गडकरी की मंजूरी, सांसद राजकुमार चाहर की मुलाकात रंग लाई; तांतपुर NH परियोजना पर भी बनी सहमति

3 readers

फतेहपुर सीकरी के सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान आगरा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क और राजमार्ग परियोजनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई, जिसमें अरतौनी अंडरपास की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।

​अरतौनी अंडरपास: हजारों लोगों को मिलेगी जाम से मुक्ति

​सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर प्रस्तावित अरतौनी अंडरपास को केंद्रीय मंत्री ने हरी झंडी दे दी है। इस अंडरपास के निर्माण से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों और वाहन चालकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। यह मांग वर्षों पुरानी थी, जिसे अब मंजूरी मिलने से स्थानीय लोगों में हर्ष है।

​आगरा–जगनेर–तांतपुर मार्ग को 'राष्ट्रीय राजमार्ग' घोषित करने की मांग

​मुलाकात के दौरान सांसद चाहर ने आगरा जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण 'चंदौसी–आगरा–तांतपुर–कोर्ट मार्ग' (CAT मार्ग) का मुद्दा भी गडकरी के समक्ष प्रमुखता से रखा।

​वर्तमान स्थिति: उन्होंने बताया कि चंदौसी से आगरा तक के हिस्से को पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जा चुका है और इसका निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है।

​शेष भाग की मांग: सांसद ने मांग की कि आगरा से तांतपुर–कोर्ट तक के शेष भाग को भी तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जाए।

​उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि यह मार्ग क्षेत्र की जनता के लिए एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसे एनएच घोषित किए जाने से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

​सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि आगरा–जगनेर–तांतपुर एन.एच. परियोजना पर भी केंद्रीय मंत्री गडकरी के साथ उनकी चर्चा सकारात्मक रही है और उम्मीद है कि इस पर भी जल्द ही ठोस कार्रवाई होगी।

Related News

Share: