रोजाना धंस रही सड़कें: क्या जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई? स्मार्ट सिटी के दावों की खुली पोल
आगरा में स्मार्ट सिटी के विकास दावों की पोल एक बार फिर उस समय खुल गई, जब थाना लोहामंडी क्षेत्र के तोता का ताल इलाके में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर विष्णु बेकरी के पास अचानक 40 फीट गहरा जानलेवा गड्ढा हो गया, जो मौत को खुली चुनौती देता नजर आ रहा है।
ताज नगरी के नाम से दुनिया भर में विख्यात यह शहर अब धीरे-धीरे 'गड्डों के शहर' में तब्दील होता जा रहा है। हालात यह हैं कि लगभग रोजाना शहर के अलग-अलग हिस्सों से सड़कें धंसने और बड़े-बड़े गड्ढे होने की खबरें सामने आ रही हैं।
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही निर्माण की गुणवत्ता?
इस लगातार सामने आ रही समस्याओं ने शहरवासियों के मन में गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं:
क्या सड़कों के निर्माण और विकास कार्यों की गुणवत्ता पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है?
क्या जिला प्रशासन निम्न स्तर का निर्माण कार्य करने वाले लापरवाह ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई करेगा या फिर यह मामला भी हमेशा की तरह लीपापोती कर दबा दिया जाएगा?
शहर के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर कड़े कदम नहीं उठाए गए, तो कोई बड़ा हादसा कभी भी किसी की जान ले सकता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर क्या रुख अपनाता है।