टीएनएफ टुडे अखबार के ट्रायल एडिशन की औपचारिक शुरूआत, अब घर घर पहुंचेगा सत्य
पत्रकारिता का पुनर्जागरण काल: टीएनएफ टुडे के शंखनाद से गूंजा आगरा
आगरा। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के इस ऐतिहासिक पड़ाव पर, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के जुबली हॉल में एक नया इतिहास लिखा गया। टीएनएफ टुडे (Thoughts News Facts Today) मीडिया नेटवर्क ने उस पत्रकारिता को पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया है जिसे हम अपनी शालीनता और चाटुकारिता के कारण खो चुके थे। वैदिक अनुष्ठान के साथ हुए इस वैचारिक महाकुंभ में जब शंखनाद हुआ, तो उपस्थित जनसमूह को महसूस हुआ कि पत्रकारिता के उस गौरवशाली युग की वापसी हो रही है, जहाँ कलम की स्याही में सत्ता के गलियारों को आईना दिखाने का साहस होता था।


बता दें कि टीएनएफ टुडे मीडिया नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड ने मिशनरी पत्रकारिता के क्षेत्र में क्रांतिकारी पहल का बिगुल फूंक दिया है। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में अभिनव प्रयोगों के साथ थॉट्स न्यूज फैक्ट्स टुडे (टीएनएफ टुडे) हिंदी दैनिक समाचार पत्र शुरू करने की औपचारिक उद्घोषणा करते हुए अपने ट्रायल एडिशन की प्रथम प्रति लॉन्च की। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग और टीएनएफ टुडे मीडिया नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को आयोजित उद्घोषणा समारोह एवं वैचारिक महाकुंभ में वैदिक अनुष्ठान के साथ टीएनएफ टुडे अखबार की आधिकारिक उद्घोषणा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद नवीन जैन, वरिष्ठ पत्रकार और न्यूज 18 चैनल के पॉलिटिकल एडिटर यतेंद्र शर्मा, भाजपा के प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान मौजूद रहे। अन्य विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, भाजपा शैक्षणिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक यादवेंद्र प्रताप सिंह, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह सिकरवार, वरिष्ठ पत्रकार गिरिजाशंकर शर्मा, राजीव सक्सेना, सुनयन शर्मा, कोऑपरेटिव बैंक आगरा के चेयरमैन प्रदीप भाटी, खंदौली के ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर स्थित जुबली हॉल में आयोजित समारोह से पूर्व वैदिक क्रियाविधि के साथ यह अनुष्ठान संपन्न हुआ। तत्पश्चात उद्घोषणा समारोह में आचार्यों द्वारा शंखनाद और स्वस्तिवाचन के साथ अतिथियों की गरिमामई उपस्थिति में टीएनएफ टुडे के ट्रायल एडिशन की प्रथम प्रति का आधिकारिक अनावरण हुआ।


वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के साथ मिशनरी पत्रकारिता का श्रीगणेश
सभागार में उपस्थित अन्य सभी अतिथियों को पीले कलर की टीएनएफ टुडे अंकित पट्टिका पहनाकर स्वागत किया गया, जिससे सभागार का पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम का विश्राम राष्ट्रगान के साथ हुआ और सभी आगंतुकों को प्रसाद वितरित किया गया।
टीएनएफ टुडे अखबार की औपचारिक उद्घोषणा एवं रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संस्थापक निदेशक एवं प्रधान संपादक धीरज शर्मा ने बताया कि आगामी तीन महीने तक यह एक ट्रायल एडिशन के रूप में ई-पेपर के माध्यम से समाज के बीच में आएगा और तीन महीने बाद शुभ मुहूर्त में पूर्ण रूप के साथ नए अंदाज में, नए प्रयोगों के साथ, नए कलेवर में टीएनएफ टुडे अखबार लॉन्च किया जाएगा। टीएनएफ टुडे के आधार को विस्तृत, सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी योजना को धरातल पर लागू करने के लिए संस्थान का एक बृहद खाका तैयार किया गया है। जिसमें आठ मुख्य समितियाँ बनाई गई हैं, उनमें से एक शोध समिति है जिसकी 19 शोध उपसमितियां बनाई गई हैं।

टीएनएफ टुडे अखबार अब समाज के बीच में जाएगा और एक व्यापक और विस्तृत सर्वेक्षण किया जाएगा। 1,000 शिक्षाविदों, विद्वानों, उत्तर प्रदेश के समस्त पत्रकारिता शैक्षणिक संस्थानों के साथ ही हिंदी पट्टी राज्यों के पत्रकारिता की पढ़ाई करने वाले संस्थान और देश के नामचीन संस्थानों को रिसर्च के लिए tnftoday द्वारा जोड़ा जाएगा। विज्ञापन की निर्भरता मुक्त अखबार की परिकल्पना को साकार करने के लिए टीएनएफ टुडे ने लागत मूल्य पर ही अपने अखबार की खरीदारी करने के लिए अखबार के सदस्यों की संरचना बनाई है। जिसके अंतर्गत पहले आगरा शहर में 1,000 ऐसे लोगों को जोड़ा जाएगा जो अखबार को लागत मूल्य के साथ खरीद सकें, इसके साथ ही सदस्यों की कैटेगरी को छह वर्गों में विभाजित किया गया है जो कि अखबार के कॉर्पस फंड के लिए सहायक सिद्ध होंगे।
आज भी समाचार पत्रों पर सर्वाधिक विश्वास करते हैं लोग - नवीन जैन

आगरा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। सूचना क्रांति के इस युग में समाचार लोगों तक पहले की अपेक्षा अधिक तेजी से पहुँच रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया और यूट्यूब चैनलों के बढ़ते प्रभाव ने पत्रकारिता को एक नया आयाम दिया है। ऐसे समय में समाचारों की सत्यता, विश्वसनीयता और निष्पक्षता को बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। इसी विषय पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने पत्रकारिता की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है।
टीएनएफ टुडे समाचार पत्र के ट्रायल एडिशन के शुभारंभ अवसर पर अपने संबोधन में सांसद नवीन जैन ने कहा कि समाचार पत्र को समाज का चौथा स्तंभ माना जाता है। भले ही संविधान में इसका औपचारिक उल्लेख न हो, लेकिन देश की जनता आज भी समाचारपत्र पर सबसे अधिक विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों का माध्यम नहीं है बल्कि समाज को दिशा देने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का एक सशक्त साधन भी है।
प्रमाणिक सूचना के लिए हो ब्रेकिंग और एक्सक्लूसिव जैसे शब्दों का प्रयोग - रामप्रताप सिंह चौहान

भाजपा के प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान ने कहा कि आज समाज को ऐसे समाचार माध्यमों की आवश्यकता है जो बिना किसी दबाव और प्रभाव के जनता की आवाज को प्रमुखता दें। पत्रकारिता का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था को बदनाम करना नहीं, बल्कि सत्य को सामने लाना और समाज के हितों की रक्षा करना होना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टीएनएफ टुडे इसी दिशा में कार्य करते हुए जनविश्वास अर्जित करेगा।