देवेंद्र कटारा की पहली जनचौपाल में उमड़ा लोगों का हुजूम, निपटाए 49 विवाद
नाली, खड़ंजा और बिजली की समस्याओं पर अधिकारियों को कराया अवगत, आपसी सहमति से निपटाए विवाद
आगरा। गाँव की समस्याओं का निस्तारण अब गाँव की चौपाल पर ही करने की अनूठी पहल के तहत फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र की आगरा ग्रामीण विधानसभा के बरौली मंडल अंतर्गत ग्राम बरौली गूजर में प्रथम जनचौपाल का भव्य आयोजन किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र कटारा के नेतृत्व में आयोजित इस पहली जनचौपाल में लगभग 500 किसानों और ग्रामीणों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी विभिन्न परेशानियां खुलकर सामने रखीं।

बिजली, नाली और खड़ंजा समस्याओं पर प्रशासन को घेरा
जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से गाँव की टूटी सड़कों, खड़ंजों, जल निकासी के लिए नालियों के अभाव और बिजली से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र कटारा ने ग्रामीणों की इन सभी समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और संबंधित प्रशासनिक व बिजली विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस जनचौपाल का मुख्य उद्देश्य जनता को अपनी छोटी-छोटी शिकायतों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े, बल्कि उनकी आवाज सीधे प्रशासन तक पहुंचकर हल हो सके।
आपसी भाईचारे की मिसाल: उनचास विवादों का मौके पर समाधान

इस जनचौपाल का सबसे बड़ा आकर्षण यह रहा कि क्षेत्र के 49 आपसी और पारिवारिक विवादों को आपसी बातचीत, समझाइश और राजीनामे के जरिए हमेशा के लिए सुलझा लिया गया। दोनों पक्षों के लोगों को आमने-सामने बैठाकर सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की गई। ग्रामीणों ने इस सराहनीय कदम की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे गाँव में आपसी भाईचारा और प्रेम बढ़ेगा।
आगे भी जारी रहेगा जनसंवाद का यह सिलसिला

कार्यक्रम के दौरान किसानों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं ने सीधे संवाद करते हुए देवेंद्र कटारा के इस प्रयास की सराहना की। आयोजकों ने बताया कि यह तो महज शुरुआत है और जल्द ही दूसरी जनचौपाल की तारीख व स्थान की घोषणा की जाएगी। गाँव की समस्या, गाँव में समाधान। गाँव की आवाज़, सीधे चौपाल से।