आगरा में 'युवा एवं महिला संवाद' का भव्य आयोजन: करीब 900 महिलाओं और युवाओं ने लिया हिस्सा
महिला नेतृत्व, युवा ऊर्जा और विकास की नई दिशा पर हुई व्यापक चर्चा
ज्योति सिंह 'ज्योति दीदी' के संयोजन में रतन वाटिका, देवरी रोड पर हुआ आयोजन
आगरा। आगरा कैंट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से आईं करीब 900 महिलाओं, बेटियों और युवाओं की भारी सहभागिता के साथ रतन वाटिका, देवरी रोड, आगरा में 'अंत्योदय से सम्मान तक - युवा एवं महिला संवाद' का आयोजन किया गया。 यह कार्यक्रम एक जीवंत और सार्थक जनसंवाद के रूप में सामने आया।

शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता पर खुलकर हुई चर्चा
आगरा कैंट की बेटी ज्योति सिंह 'ज्योति दीदी' के संयोजन में आयोजित इस संवाद में शिक्षा, सुरक्षा, कौशल विकास, रोजगार, आत्मनिर्भरता, महिला नेतृत्व और युवा भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर विचार साझा किए गए। कार्यक्रम की मूल भावना यह रही कि बदलते भारत में महिलाएँ और युवा केवल सरकारी योजनाओं के लाभार्थी तक सीमित न रहें, बल्कि अपने भविष्य और विकास की यात्रा के सक्रिय भागीदार बनें।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा और समर्पण को समर्पित पहल
यह पहल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा, समर्पण, जनकल्याण और 'राष्ट्रप्रथम' की भावना को समर्पित की गई। संवाद के दौरान अंत्योदय, सुशासन, सामाजिक समरसता, समावेशी विकास, युवा शक्ति, महिला सशक्तिकरण और 'विकसित भारत 2047' के संकल्प पर विशेष जोर दिया गया।
वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि विकास तभी सार्थक है, जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और सम्मान के साथ पहुँचे। कार्यक्रम में महानगर संघचालक हरेंद्र दुबे और डॉ. रेखा गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की और अपने अनुभव साझा किए।
"अंतिम व्यक्ति बने सक्रिय भागीदार"
संयोजक ज्योति सिंह ने अपने 20 वर्षों के जमीनी सामाजिक अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब समाज के हर व्यक्ति को अवसर, सम्मान और आत्मनिर्भरता मिले। वहीं, कार्यक्रम के सह-संयोजक एवं सामाजिक नवप्रवर्तक पुनीत अस्थाना ने कहा कि जमीनी संवाद तभी सफल है जब वह बेहतर डिलीवरी और नागरिक सहभागिता का मार्ग प्रशस्त करे।
कार्यक्रम का केंद्रीय संदेश “अंत्योदय से सम्मान, सम्मान से भागीदारी और भागीदारी से राष्ट्रोदय” रहा, जिसने उपस्थित सभी युवाओं और महिलाओं में नई ऊर्जा का संचार किया।