दिल्ली-आगरा NH-19 पर हर किलोमीटर AI कैमरे लगाए जाएंगे। करमन टोल प्लाजा पर कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी होगी। ओवरस्पीडिंग और सड़क हादसों पर रहेगी नजर।
आगरा। दिल्ली से आगरा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। अब इस हाईवे पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से लैस हाईटेक कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हाईवे को सुरक्षित बनाने के लिए कैमरे लगाने का काम तेज कर दिया है। खास बात यह है कि हर एक किलोमीटर पर 360 डिग्री कैमरे लगाए जाएंगे।
हर किलोमीटर पर लगेगा हाईटेक कैमरा
योजना के तहत हाईवे पर हाई-रिजॉल्यूशन PTZ (पैन-टिल्ट-जूम) कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे चारों दिशाओं में घूमकर सड़क की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे। गदपुरी से होडल तक करीब 45 किलोमीटर के क्षेत्र में लगभग 45 कैमरे लगाए जा रहे हैं। मितरोल, औरंगाबाद और बामनीखेड़ा में कैमरे लगाने का काम पूरा हो चुका है।
करमन टोल प्लाजा से होगी 24 घंटे निगरानी
हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित करमन टोल प्लाजा पर अत्याधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यहां से हाईवे पर लगे सभी कैमरों की लाइव फुटेज पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी। किसी भी स्थान पर जाम, वाहन खराब होने या दुर्घटना की स्थिति में कंट्रोल रूम को तत्काल अलर्ट मिलेगा।
ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में चलने वालों पर शिकंजा
AI कैमरों की मदद से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान करना आसान होगा। ओवरस्पीडिंग, गलत लेन में वाहन चलाने और गलत दिशा में गाड़ी दौड़ाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
इसके अलावा हर 10 किलोमीटर पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाएंगे, जो वाहनों की नंबर प्लेट पहचानने में सक्षम होंगे।
हादसा होते ही पहुंचेगी मदद
इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान देखने को मिलेगा। AI सिस्टम दुर्घटना की पहचान कर कंट्रोल रूम को तत्काल सूचना देगा। इसके बाद जरूरत के मुताबिक पुलिस, एंबुलेंस और क्रेन को घटनास्थल पर भेजा जा सकेगा।
इससे घायलों को गोल्डन आवर में उपचार दिलाने में मदद मिलेगी और सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को कम किया जा सकेगा।
यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?
नई व्यवस्था लागू होने के बाद दिल्ली-आगरा हाईवे पर सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित और व्यवस्थित होने की उम्मीद है। खासकर त्योहारों, वीकेंड और छुट्टियों के दौरान लगने वाले जाम पर नियंत्रण पाने में AI निगरानी व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
NHAI के परियोजना निदेशक धीरज सिंह के मुताबिक, कैमरों की स्थापना और टेस्टिंग का काम निर्धारित समयसीमा में पूरा कर व्यवस्था शुरू करने का लक्ष्य है।
अब हाईवे पर लापरवाही से वाहन चलाना आसान नहीं होगा। AI कैमरों की तीसरी आंख हर किलोमीटर पर नजर रखेगी।