आगरा फोर्ट एक्सप्रेस को मिला नया स्टॉपेज, लखनऊ के मानक नगर स्टेशन पर रुकेगी ट्रेन
यात्रियों के लिए राहत भरी खबर
आगरा और लखनऊ के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने लखनऊ के मानक नगर रेलवे स्टेशन पर लखनऊ-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से मानक नगर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों तक जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रायोगिक आधार पर मिलेगा ठहराव
रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 12179/12180 लखनऊ-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस को मानक नगर स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर रोकने की अनुमति दी है। रेलवे बोर्ड की ओर से उत्तर रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधकों को इस संबंध में निर्देश भेजे गए हैं।
अभी तय नहीं हुई शुरुआत की तारीख
रेलवे बोर्ड के आदेश में इस ठहराव को जल्द से जल्द सुविधाजनक तारीख से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, अभी तक ठहराव शुरू होने की निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है।
टिकट बिक्री के आधार पर होगी समीक्षा
रेलवे बोर्ड ने इस नए ठहराव का व्यापक प्रचार करने और स्टेशन पर टिकट बिक्री पर नजर रखने के निर्देश भी दिए हैं। प्रायोगिक अवधि के दौरान यात्रियों की संख्या और टिकट बिक्री का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर भविष्य में इस ठहराव को जारी रखने या स्थायी करने पर फैसला लिया जा सकता है।
इस फैसले से लखनऊ के मानक नगर क्षेत्र के यात्रियों को आगरा की यात्रा के लिए बेहतर रेल सुविधा मिलने की उम्मीद है।