नशा मुक्त आगरा के लिए DM का एक्शन प्लान: स्कूलों में बनेंगे 'प्रहरी क्लब', मेडिकल स्टोरों और सिनेमाघरों पर रहेगी विशेष नज़र
आगरा को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में 'एनसीओआरडी' (Narcotics Control Coordination Committee) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री रोकने, पुनर्वास और जनजागरूकता अभियानों को मिशन मोड पर चलाने के कड़े निर्देश दिए गए।
डीएम मनीष बंसल के प्रमुख निर्देश:
स्कूलों में बनेंगे 'प्रहरी क्लब': जिले के सभी विद्यालयों में प्रहरी क्लबों की स्थापना की जाएगी। साथ ही स्कूलों के आसपास किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्त पाबंदी और निगरानी रहेगी।
मेडिकल स्टोरों की सख्त चेकिंग: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को हिदायत दी गई है कि मेडिकल स्टोरों पर बिकने वाली प्रतिबंधित व नशीली दवाओं पर कड़ी नज़र रखी जाए और अवैध बिक्री करने वालों पर कार्रवाई हो।
सड़कों और फुटपाथों पर रहने वाले बच्चों की काउंसलिंग: फुटपाथ पर रहने वाले बच्चों द्वारा सॉल्यूशन या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन को रोकने के लिए उनका सत्यापन कर पुनर्वास और काउंसलिंग कराई जाएगी।
सिनेमाघरों में चलेंगे नशा मुक्ति संदेश: मनोरंजन कर विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मल्टीप्लेक्स और सिनेमा हॉल में पोस्टर, बैनर और ऑडियो-वीडियो के ज़रिए नशा विरोधी जागरूकता फैलाई जाए।
रेलवे व बस स्टेशनों पर विशेष अभियान: समाज कल्याण और आबकारी विभाग रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मंदिरों के पास जागरूकता शिविर लगाकर पीड़ितों को नशा मुक्ति केंद्रों से जोड़ेंगे।
बैठक में डीसीपी इमरान अहमद, अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) रविंद्रपाल सिंह, बीएसए (BSA) राकेश सिंह समेत स्वास्थ्य, आबकारी, मानसिक स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।