आगरा की नीरू बंसल बनीं उत्तर प्रदेश राज्य समुचित प्राधिकारी, राज्यपाल ने जारी की अधिसूचना; PCPNDT एक्ट के तहत करेंगी काम

41 readers

उत्तर प्रदेश शासन ने न्यू आगरा, आगरा निवासी श्रीमती नीरू बंसल को पूरे राज्य के लिए राज्य समुचित प्राधिकारी (State Appropriate Authority) नियुक्त किया है। महामहिम राज्यपाल की ओर से इस संबंध में अधिसूचना (संख्या 1088/पांच 9-2026-6(74)/94 टी० सी०) जारी कर दी गई है।

कन्या भ्रूण हत्या और अवैध लिंग जांच पर कसेंगी शिकंजा

परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत गठित राज्य समुचित प्राधिकरण PCPNDT एक्ट, 1994 (गर्भाधान-पूर्व और प्रसव-पूर्व निदान-तकनीक अधिनियम) के तहत काम करने वाली सर्वोच्च निकाय है।

प्रमुख भूमिका: यह प्राधिकरण प्रदेश भर में गैर-कानूनी ढंग से होने वाली प्रसव-पूर्व लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए राज्य स्तर पर कार्य करता है।

निगरानी व सीधी कार्रवाई: यह निकाय जिला स्तरीय समुचित प्राधिकारियों के कामकाज की मॉनिटरिंग करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले क्लीनिकों, डॉक्टरों और केंद्रों पर सीधे कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार भी रखता है।

'बेटी बचाओ' के सपने को करेंगी साकार: नीरू बंसल

अपनी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर नीरू बंसल ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक का आभार जताया। उन्होंने कहा:

"प्रधानमंत्री जी के 'बेटी बचाओ' के विजन को धरातल पर पूरी निष्ठा और प्रभावशीलता के साथ लागू करना मेरी प्राथमिकता होगी। समाज में बेटियों को उच्च शिक्षा देकर स्वावलंबी बनाना जरूरी है। इसमें सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों, कॉलेजों और चिकित्सकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।"

उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अमित घोष ने उनसे मुलाकात के दौरान विभाग के सुचारू व समयबद्ध संचालन के लिए पूर्ण मार्गदर्शन का आश्वासन दिया है।

जनप्रतिनिधियों और चिकित्सकों ने दी शुभकामनाएं

नीरू बंसल की इस नियुक्ति पर आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर, बरेली के महापौर उमेश गौतम, केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व मंत्री उदयभान सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. राम बाबू हरित, श्याम भदौरिया, डीजीसी धर्मेंद्र वर्मा, डॉ. संदीप अग्रवाल और भरत शर्मा ने खुशी जताते हुए बधाई दी।

इसके अलावा मेडिकल बिरादरी और रेडियोलॉजिस्ट एसोसिएशन से डॉ. सुभाष बालियान, तनुज गर्ग और आगरा की डॉ. संजना अरोरा ने भी उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देकर उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

Related News

Share: