विद्युत विभाग के चेकिंग अभियान में आठ लोग बिजली चोरी करते पकड़े

17 readers

पिनाहट। विद्युत विभाग की टीम ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी के नेतृत्व में पिनाहट क्षेत्र में विद्युत चोरी के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अर्जुनपुरा, विप्रावली और पिनाहट टाउन में विद्युत कनेक्शनों और मीटरों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान टीम को कई उपभोक्ताओं के यहां विद्युत अनियमितताएं मिलीं।

जांच में आठ लोग मीटर की इनकमिंग केबल में अतिरिक्त केबल जोड़कर और अवैध रूप से विद्युत का प्रयोग करते हुए पाए गए। विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई।

अधिकारियों ने बताया कि विद्युत चोरी रोकने के लिए क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान विद्युत मीटर, कनेक्शन और केबल की जांच की जा रही है। विभाग ने उपभोक्ताओं को विद्युत का अवैध रूप से प्रयोग न करने की हिदायत दी है।

चेकिंग अभियान में सौरभ, दिलीप, हीरा, रोहित और अभिषेक सहित विद्युत विभाग की टीम मौजूद रही।

विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली का वैध रूप से प्रयोग करें और समय से विद्युत बिल का भुगतान करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि विद्युत चोरी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related News

Share: