गर्मी से बेहाल रहे नौनिहाल,अभिभावकों ने की समय परिवर्तन की मांग
खेरागढ़/इरादतनगर।जनपद में बृहस्पतिवार से परिषदीय विद्यालयों में गर्मियों की छुट्टी के बाद बच्चे पहुंचे।विद्यालयों में बिजली न होने के कारण भीषण गर्मी में नौनिहाल बेहाल दिखे।भीषण गर्मी में बिना बिजली के पंखे न चलने के कारण बच्चों का 8 से 2 तक विद्यालयों में बैठना दुश्वार हो गया।भीषण गर्मी से बच्चे बहुत व्याकुल हो गए।क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भिड़ावली में बिजली न होने पर शिक्षकों ने बच्चों को कमरों से बाहर बिठाकर पढ़ाया लिखाया और अन्य शैक्षिक गतिविधियां कराईं।शिक्षिका रश्मि शर्मा ने बताया कि दिनभर बिजली न आने की वजह से बच्चों को गर्मी में परेशान देख उन्हें बाहर बरामदे में बिठाकर पढ़ाया।वहीं खेरागढ़ के गाँव नगला जोधना में स्कूल की छुट्टी के बाद दोपहरी में भीषण गर्मी में छोटे छोटे नौनिहाल सिर पर बैग रखकर घर जाते दिखे।भीषण गर्मी को देखते हुए अभिभावकों ने बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है।अभिभावकों राकेश कुमार, अशोक कुमार,कमल सिंह,पंकज,मनोज आदि ने भीषण गर्मी में स्कूल समय बदलने की मांग की है।वहीं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश संगठन मंत्री एवं जिला मंत्री आगरा बृजेश दीक्षित ने भीषण गर्मी और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी आगरा से विद्यालय समय परिवर्तन किए जाने की मांग की है।