प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्टाफ की कमी के कारण बीमार ग्रामीण परेशान,
एसडीएम से की जल्द स्टाफ नियुक्ति की मांग
खेरागढ़
तहसील क्षेत्र के गांव सरेंधी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर, नर्स और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती न होने से ग्रामीणों को बीमार होने पर उपचार के लिए बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने समाधान दिवस में एसडीएम को शिकायती पत्र देकर स्वास्थ्य केंद्र पर आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति की मांग की है।
ग्रामीण जितेंद्र शर्मा का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पिछले कई महीनों से डॉक्टर आदि स्टाफ की तैनाती नहीं है। वर्तमान में केवल एएनएम और फार्मासिस्ट के भरोसे स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को मजबूरी में उपचार के लिए सीएचसी जगनेर या निजी अस्पतालों एवं झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज करवाना पड़ता है।ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र से नगला लाले, नगला हंसराज,पिपरेठा, झारपुरा,निमेना सहित दर्जनभर गांवों के लोग जुड़े हुए हैं, लेकिन पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है। सीएचसी जगनेर अधीक्षक डा यादवेंद्र सिंह ने बताया कि चिकित्सक एवं अन्य स्टाफ की जल्द नियुक्ति के लिए उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया गया है।